दालमंडी चौड़ीकरण अभियान में गरजा बुलडोजर, 10 भवनों का ध्वस्तीकरण शुरू
वाराणसी (जनवार्ता)। दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शनिवार को प्रशासन ने ध्वस्तीकरण अभियान तेज कर दिया। इस क्रम में वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के तीन तथा नगर निगम के सात भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की गई।

अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। प्रशासन का लक्ष्य माह के अंत तक शेष सभी भवनों का ध्वस्तीकरण, मलबा हटाने और सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा करना है।
अधिकारियों के अनुसार, दालमंडी क्षेत्र में लंबे समय से संकरी सड़क के कारण यातायात प्रभावित होता रहा है। सड़क चौड़ी होने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के व्यापार व विकास को भी गति मिलेगी।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों में चिंता का माहौल है। प्रशासन का कहना है कि पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्रभावित लोगों से लगातार संवाद बनाए रखते हुए अभियान को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाएगा।

