सऊदी अरब में सोफा फैक्ट्री में भीषण आग, 16 बांग्लादेशी मजदूरों की मौत
रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में रविवार को एक सोफा बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 16 बांग्लादेशी श्रमिकों की मौत हो गई। हादसा मूसा औद्योगिक क्षेत्र में हुआ। बांग्लादेश के प्रवासी कल्याण एवं विदेश रोजगार मंत्रालय ने सोमवार को घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।


स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, आग रविवार दोपहर करीब 2 बजे मूसा इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित सोफा फैक्ट्री में लगी। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में मौजूद श्रमिकों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका। दमकल और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
बांग्लादेश के अधिकारियों के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले सभी 16 लोग बांग्लादेशी नागरिक थे। मृतक नाओगांव, नाटोर और राजशाही क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं। इनमें नाओगांव के अत्राई उपजिला के सात श्रमिक शामिल हैं।
घटना के बाद बांग्लादेश सरकार ने गहरा दुख जताया है। प्रवासी कल्याण एवं विदेश रोजगार मंत्री आरिफुल हक चौधरी ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सऊदी अरब स्थित बांग्लादेशी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। मृतकों की पहचान और शवों को स्वदेश भेजने की प्रक्रिया को लेकर भी संबंधित अधिकारी समन्वय कर रहे हैं।
हादसे की सूचना सामने आने के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। आग लगने के कारणों का तत्काल स्पष्ट पता नहीं चल सका है और स्थानीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

