शराब के नशे में सिपाही पर ग्रामीण को थार से कुचलने का आरोप, हंगामे के बाद पहुंची पुलिस
शिवपुर के लोढ़ान गांव का मामला, ग्रामीण की शिकायत पर पुलिस से कार्रवाई की मांग
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवपुर थाना क्षेत्र के लोढ़ान गांव में एक सिपाही पर शराब के नशे में धुत होकर ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार करने और अपनी थार गाड़ी से एक ग्रामीण को कथित तौर पर टक्कर मारकर घायल करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थिति को देखते हुए डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाना पड़ा।


ग्रामीणों के अनुसार, आरोपित सिपाही शराब के नशे में गांव की सड़कों पर थार वाहन से घूम रहा था। इसी दौरान एक ग्रामीण उसकी चपेट में आ गया। आरोप है कि वाहन की टक्कर से ग्रामीण घायल हो गया। घटना का मंजर देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते सड़क पर भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने के दौरान सिपाही अपनी साली नैंसी को भी मौके पर लेकर पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद वहां काफी देर तक हंगामा और दुर्व्यवहार होता रहा।
घटना के बाद पीड़ित ग्रामीण ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस से की है और आरोपित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के समय सिपाही शराब के नशे में था या नहीं तथा वाहन से ग्रामीण को किस परिस्थितियों में चोट लगी।
ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

