संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत,
चौबेपुर (जनवार्ता)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। मां जब उसे चाय के लिए बुलाने पहुंचीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़ने पर युवक फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, किशन सिंह (18) पुत्र भानु प्रताप सिंह शुक्रवार सुबह भोजन करने के बाद टीन शेड के कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद उसकी मां चाय देने के लिए कमरे पर पहुंचीं। दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो किशन फंदे पर लटका मिला।
सूचना पर पहुंची चौबेपुर पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

