नाले में मिला अधेड़ का शव

नाले में मिला अधेड़ का शव

हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी (जनवार्ता)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुर मिश्रानपुरा मोड़ के पास शनिवार सुबह सिंचाई नाले में एक अधेड़ व्यक्ति का शव औंधे मुंह पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची चौबेपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान मोलनापुर निवासी जयप्रकाश गौड़ उर्फ खलनायक (42) के रूप में हुई है।

rajeshswari

ग्रामीणों के अनुसार जयप्रकाश नशे का आदी था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। वह एक ढाबे पर काम करता था। रक्षाबंधन के दिन ढाबे पर छुट्टी होने के कारण वह काम पर नहीं गया था। शाम को वह घर से निकला, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह गांव के बाहर सिंचाई नाले में उसका शव मिलने की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों ने बताया कि जयप्रकाश शराब पीने के लिए एक ठेके पर गया था, जहां चार लोगों से उसका विवाद हुआ था। उनकी आशंका है कि विवाद के दौरान उन्हीं लोगों ने उसके साथ मारपीट कर हत्या कर दी होगी। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।

जयप्रकाश छह भाइयों में से एक था। उसके दो पुत्र हैं—बड़ा लकी (13) और छोटा अंश (8)। पत्नी चंदा देवी शहर के एक अस्पताल में खाना बनाने का काम करती हैं। शव मिलने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा उपनिरीक्षक दुर्गेश मिश्रा के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

इसे भी पढ़े   छात्र ने किराए के मकान में फांसी लगाकर की आत्महत्या
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *