21 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए प्रयोगशाला सहायक मुरलीधर गिरी, भावभीनी विदाई

21 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए प्रयोगशाला सहायक मुरलीधर गिरी, भावभीनी विदाई

वाराणसी (जनवार्ता)। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भौतिकी विभाग में प्रयोगशाला सहायक के पद पर कार्यरत मुरलीधर गिरी को 21 वर्षों की निष्ठावान सेवा पूर्ण करने पर सोमवार को भावभीनी विदाई दी गई। विभाग में आयोजित समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रजनीश कुँवर, विभागाध्यक्ष प्रो. आनंद कुमार द्विवेदी सहित वरिष्ठ प्राध्यापकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने उनके दीर्घकालिक योगदान की सराहना की।

rajeshswari

समारोह में प्राचार्य, विभागाध्यक्ष एवं अन्य शिक्षकों ने मुरलीधर गिरी को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि 21 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा-भाव का उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रयोगशाला के सुचारू संचालन के साथ छात्र-छात्राओं के प्रयोगात्मक कार्यों में उनका योगदान सदैव सराहनीय और प्रेरणादायी रहा।

वक्ताओं ने उनके सरल, सौम्य और सहयोगी व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों को निःस्वार्थ सेवा की भावना से निभाया। उनके कार्य और आचरण में तुलसीदास की चौपाई “परहित सरिस धर्म नहिं भाई” की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती रही।

सम्मान से अभिभूत मुरलीधर गिरी ने अपने 21 वर्षों के सेवाकाल के संस्मरण साझा किए। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि संस्थान से मिला स्नेह और सम्मान उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है।

समारोह में प्रो. प्रभाकर सिंह, प्रो. संगीता श्रीवास्तव, प्रो. बिरेंद्र कुमार निर्मल, प्रो. संजय श्रीवास्तव, प्रो. जगदीश सिंह, प्रो. संजय कुमार सिंह, प्रो. राकेश मणि मिश्र, भौतिकी विभाग के शिक्षक डॉ. दर्शन शर्मा, डॉ. राहुल रंजन, डॉ. श्री प्रकाश गुप्ता, डॉ. सूर्य प्रताप, डॉ. मनोज पाल, डॉ. अच्छे लाल, शोध छात्रा मोहिनी कुशवाहा सहित कर्मचारीगण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन डॉ. दर्शन शर्मा ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ।

इसे भी पढ़े   वाराणसी: निर्माण कार्य के दौरान हादसा, मजदूर की मौत
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *