वाराणसी में बारिश से पारा गिरा, गंगा चेतावनी बिंदु पार
वाराणसी (जनवार्ता)। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मंगलवार को मौसम ने करवट ली। सुबह से बादलों की आवाजाही और कई इलाकों में बारिश व बूंदाबांदी हुई। ठंडी पुरवा हवाओं से लोगों को उमस से राहत मिली। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे में वाराणसी में 27.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री और न्यूनतम 24.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में आर्द्रता 94 से 98 प्रतिशत तक रही।
लगातार बारिश से खेतों को राहत मिली है, वहीं गंगा सहित नदियों के जलस्तर में वृद्धि से बाढ़ का खतरा भी बढ़ा है। वाराणसी में गंगा चेतावनी बिंदु पार कर अब खतरे के निशान की ओर बढ़ रही है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। निचले इलाकों और घाटों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार सप्ताह के अंत तक बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

