गोमती जोन में चार उपनिरीक्षकों को मिली फील्ड तैनाती
वाराणसी (जनवार्ता) । गोमती जोन की पुलिस उपायुक्त श्रीमती नीतू कादयान ने उपनिरीक्षकों के कार्य प्रदर्शन, परफॉर्मेंस और योग्यता के आधार पर चार उपनिरीक्षकों की फील्ड तैनाती की है। तैनाती प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता देते हुए इच्छुक उपनिरीक्षकों से आवेदन प्राप्त किए गए थे।

पुलिस उपायुक्त द्वारा उपनिरीक्षकों का साक्षात्कार लेने के साथ उनके कार्य प्रदर्शन का विभिन्न बिंदुओं पर मूल्यांकन किया गया। इसमें विवेचनाओं की स्थिति एवं गुणवत्ता, वाहन चेकिंग व चालान, अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई, निरोधात्मक कार्रवाई, आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के निस्तारण तथा ई-साक्ष्य, यक्ष एप सहित अन्य पोर्टलों पर डाटा फीडिंग की स्थिति को शामिल किया गया।
इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों की नियमित चेकिंग एवं निगरानी तथा उपनिरीक्षकों द्वारा किए गए सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों का भी आकलन किया गया। मूल्यांकन के बाद मेरिट और कार्यक्षमता के आधार पर उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
नई तैनाती के तहत उपनिरीक्षक रितेश कुमार को थाना फूलपुर से चौकी प्रभारी धौकलगंज, थाना कपसेठी, उपनिरीक्षक सुनील कुमार को थाना बड़ागांव से चौकी प्रभारी मातलदेई, थाना राजातालाब, उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह को थाना सिंधोरा से चौकी प्रभारी जक्खिनी, थाना राजातालाब तथा उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव को थाना जंसा से चौकी प्रभारी औद्योगिक नगर, थाना फूलपुर भेजा गया है।
पुलिस उपायुक्त नीति कादयान ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी गोमती जोन में उपनिरीक्षकों की फील्ड तैनाती और प्रभार सौंपने से पहले निर्धारित पुलिसिंग मानकों के आधार पर उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद मेरिट और कार्यक्षमता के आधार पर ही तैनाती की जाएगी।

