17 सितंबर से वाराणसी में स्वच्छता महाअभियान
दो लाख परिवारों को मुफ्त मिलेंगे चार लाख डस्टबिन
वाराणसी (जनवार्ता) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर वाराणसी नगर निगम शहर में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को नई गति देने के लिए विशेष अभियान शुरू करेगा। इसके तहत शहर के दो लाख परिवारों को मुफ्त में चार लाख डस्टबिन वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक परिवार को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए दो-दो डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे।

नगर निगम के अनुसार हरे डस्टबिन में गीला कचरा, जैसे फल-सब्जियों के अवशेष, पत्तियां, छिलके और बचा हुआ भोजन रखा जाएगा, जबकि नीले डस्टबिन में प्लास्टिक, कागज, कांच और अन्य सूखा कचरा एकत्र किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य घर-घर कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित कर वैज्ञानिक और प्रभावी कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
नगर निगम ने बताया कि 21 जुलाई से गंगा तटवर्ती 25 वार्डों में संचालित ‘त्वरित समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट’ का दूसरे चरण में विस्तार किया जाएगा। 17 सितंबर से 25 और वार्ड इस परियोजना से जुड़ जाएंगे। इसके बाद शहर के कुल 50 वार्डों में छह विभागों से जुड़ी 14 प्रमुख नागरिक समस्याओं का अधिकतम चार घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिकायत निस्तारण व्यवस्था को तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाने के लिए नगर निगम ने व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा भी शुरू की है। नागरिक 8601872601 नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारी को जीपीएस लोकेशन और लाइव फोटो के साथ सूचना भेजी जाएगी। समस्या का समाधान होने के बाद अधिकारी फोटो अपलोड करेगा, जिसके सत्यापन के बाद शिकायत का स्टेटस अपडेट कर शिकायतकर्ता को तत्काल जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी से पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दिया है। उनके जन्मदिवस पर चार लाख डस्टबिन वितरण अभियान और त्वरित समाधान व्यवस्था के विस्तार से शहर को अधिक स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

