चोरी के बर्तनों के साथ शातिर गिरफ्तार, पहले से दर्ज है पांच मुकदमा
वाराणसी (जनवार्ता)। कपसेठी पुलिस ने मंगलवार को चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के तीन पीतल के बर्तन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वाराणसी और भदोही के विभिन्न थानों में गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत पांच मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, कालिका बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मधुसूदन त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमों में वांछित अभियुक्त सुभाष बनवासी (25) निवासी ग्राम मोढ़, थाना व जनपद भदोही को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बरामद पीतल के बर्तनों को चोरी का बताते हुए उन्हें बाजार में बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक सुभाष बनवासी के खिलाफ सुरियावां थाना भदोही में चोरी, भदोही थाना में नकबजनी व चोरी, भदोही थाना में धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट, सुरियावां थाना में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट तथा कपसेठी थाना वाराणसी में चोरी का मामला दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच के साथ मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

