कोनिया के सरकारी स्कूल को लेकर संजय सिंह का सरकार पर हमला
एक माह में मरम्मत कराने का अल्टीमेटम
वाराणसी (जनवार्ता) । आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को वाराणसी में प्रेस वार्ता कर कोनिया क्षेत्र के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय की स्थिति को लेकर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि स्कूल करीब तीन साल से बंद है, जबकि यू-डायस पोर्टल पर उसे अभी भी ‘ऑपरेशनल’ दिखाया जा रहा है।


संजय सिंह ने इसे बच्चों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि जमीन पर बंद विद्यालय को सरकारी पोर्टल पर संचालित दिखाया जाना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल को जर्जर भवन बताकर मरम्मत के नाम पर बंद किया गया था, लेकिन तीन साल बीतने के बाद भी मरम्मत का काम पूरा नहीं हुआ।
उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता मुकेश सिंह का भी मुद्दा उठाया। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाकर मामला सामने लाने पर पुलिस ने मुकेश सिंह के साथ दमनकारी रवैया अपनाया। उन्होंने सवाल किया कि बच्चों की शिक्षा और स्कूल की बदहाली को लेकर आवाज उठाना क्या अपराध है।
संजय सिंह ने प्रशासन की ओर से स्कूल की ‘शिफ्टिंग’ किए जाने की बात पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि विद्यालय बंद होने के दौरान बच्चों की पढ़ाई की समुचित व्यवस्था कैसे की गई।
सरकार द्वारा स्कूलों की मरम्मत के लिए जारी किए गए 604 करोड़ रुपये का उल्लेख करते हुए संजय सिंह ने कहा कि इसका लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि कोनिया सहित अन्य जर्जर स्कूलों की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी दोबारा ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ चलाएगी।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा से जुड़े मुद्दे पर पार्टी पीछे नहीं हटेगी और स्कूलों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाती रहेगी।

