भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय सचिव ने महानगर अध्यक्ष से की शिष्टाचार मुलाकात
वाराणसी (जनवार्ता) । भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय टीम में राष्ट्रीय सचिव का दायित्व मिलने के बाद प्रथम काशी आगमन पर पार्टी के वरिष्ठ नेता सिद्धार्थ शंभू ने बुधवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के आवास पर पहुंचकर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान महानगर अध्यक्ष समेत पार्टी कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्रम, पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें भाजपा की राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण दायित्व मिलना पूर्वांचल के साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ शंभू का लंबा संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और कार्यकुशलता पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगा।
सिद्धार्थ शंभू ने स्वागत एवं सम्मान के लिए महानगर अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और तत्परता से करेंगे। पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान संगठन की भावी रणनीतियों, आगामी कार्यक्रमों और विभिन्न सांगठनिक विषयों पर भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में चर्चा हुई। इस अवसर पर महानगर मंत्री अमित खरे सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

