वाराणसी में भारी बारिश के चलते कक्षा आठ तक के स्कूलों में तीन सितंबर को अवकाश
परिषदीय स्कूलों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में रहकर करेंगे विभागीय कार्य
वाराणसी। जनपद में हो रही अत्यधिक वर्षा और अतिवृष्टि के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर तीन सितंबर को कक्षा एक से आठ तक संचालित सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसमें परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, आईसीएसई, सीबीएसई समेत अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालय शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, तीन सितंबर को कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई स्थगित रहेगी। हालांकि परिषदीय विद्यालयों के सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। उन्हें अपार, डीबीटी, यू-डायस सहित अन्य विभागीय कार्यों का संपादन करना होगा।
विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने यह निर्णय खराब मौसम और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया है।


