काशी में भादों में सावन जैसी झड़ी, छह दिन से लगातार बारिश
वाराणसी (जनवार्ता)। भादों मास की शुरुआत के साथ काशी में बारिश का दौर लगातार छठे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा रहा और कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। सूर्य के दर्शन नहीं होने से मौसम सुहाना और वातावरण ठंडा बना रहा।

मौसम विज्ञानियों के अनुसार गुरुवार से बादलों की सक्रियता कुछ कम हो सकती है, लेकिन छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। स्थानीय स्तर पर ताप बढ़ने पर दोबारा बारिश भी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मजबूत मानसूनी प्रवाह के चलते प्रदेश में अगले छह दिनों तक भारी बारिश का दौर बना रह सकता है। लगातार बारिश के कारण बाबतपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।

