जल जीवन मिशन की टंकी से मोटर का केबल चोरी
चौबेपुर में चोरों के हौसले बुलंद
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के हाड़ियाडीह गांव में चोरों ने जल जीवन मिशन के तहत स्थापित पानी की टंकी को निशाना बनाते हुए मोटर की केबल काटकर चोरी कर ली। घटना देर रात की बताई जा रही है। केबल चोरी होने के बाद गांव में पानी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।

टंकी के रखरखाव से जुड़े गांव निवासी संदीप सोनकर ने बताया कि अज्ञात चोर मोटर की महत्वपूर्ण केबल काटकर ले गए। उन्होंने बताया कि टंकी में चोरी की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले टंकी में लगी बैटरी भी चोरी हो चुकी है, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी।
पीड़ित का आरोप है कि पूर्व की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़े और दोबारा वारदात को अंजाम दिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पूर्व की शिकायत सहित ताजा घटना की जांच कराने तथा जल जीवन मिशन की संपत्ति की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की टंकी से बार-बार सामान चोरी होने से सरकारी योजना का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। यदि समय रहते सुरक्षा और कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई तो भविष्य में चोर अन्य उपकरणों को भी निशाना बना सकते हैं। पुलिस की ओर से मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

