श्रद्धालुओं से अभद्रता नहीं, विनम्रता से समझाएं पुलिसकर्मी : मोहित अग्रवाल

श्रद्धालुओं से अभद्रता नहीं, विनम्रता से समझाएं पुलिसकर्मी : मोहित अग्रवाल

वाराणसी (जनवार्ता)। श्री काशी विश्वनाथ धाम में तैनात नए पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग करते हुए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने श्रद्धालुओं के साथ शालीन और संयमित व्यवहार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को सड़क पर मौजूद भीड़ नहीं, बल्कि दर्शनार्थी और अतिथि के रूप में देखा जाए। दूर-दराज से लंबी यात्रा कर आने वाले श्रद्धालु थके हो सकते हैं और कई बार उत्तेजित भी हो सकते हैं, ऐसे में पुलिसकर्मियों को धैर्य और विनम्रता का परिचय देना चाहिए।

rajeshswari

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यदि कोई श्रद्धालु गलत दिशा में चला जाता है अथवा मोबाइल का इस्तेमाल करता है तो उसे डांटने के बजाय प्यार और सम्मान से समझाया जाए। उन्होंने ड्यूटी के दौरान वर्दी, बॉडी लैंग्वेज और सतर्कता पर विशेष ध्यान देने तथा मोबाइल पर रील देखने जैसी लापरवाही से बचने को कहा।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों को उनकी सहायता करने और नो टच पॉलिसी का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर में तैनाती महज ड्यूटी नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं की सेवा का अवसर है। आठ घंटे की ड्यूटी को सौभाग्य मानकर पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने और उन्हें सुखद अनुभव देने का प्रयास करें।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता और सजगता से निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सम्मान और सुगम दर्शन के लिए सभी पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।

इसे भी पढ़े   जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *