उद्योग बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर मंथन
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सुधारने और सड़क निर्माण के निर्देश
वाराणसी (जनवार्ता) । मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त सभागार में मंडलीय उद्योग बंधु की समीक्षा बैठक हुई। इसमें पिछली बैठक के अनुपालन, प्रगति और उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए।


बैठक में विद्युत विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता, चंदौली ने बताया कि उद्यमियों पर अतिरिक्त विद्युत बिल लगाए जाने के प्रकरण में ऑडिट रिपोर्ट और मीटर सीलिंग प्रमाणपत्र की जांच पूरी कर ली गई है। शेष दो उपभोक्ताओं में शंकर पाली ट्यूब्स की पीडी प्रक्रिया चल रही है, जबकि सोना एग्रो के विद्युत बिल का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।
रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में इंसुलेटेड विद्युत केबल के माध्यम से विद्युत आपूर्ति के संबंध में बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने और संचालन में सुधार के लिए विभिन्न कार्यों को अतिरिक्त बिजनेस प्लान 2026-27 में शामिल किया जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद कार्य कराया जाएगा। इससे औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित इकाइयों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति में सुधार की उम्मीद है।
मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग के अभियंताओं को सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में पटनावो से सिंधीताली मार्ग पर सीसी सड़क निर्माण के लिए यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में मेसर्स वेबरेज ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड, करखियांव के प्रदूषण अनापत्ति प्रमाणपत्र से संबंधित प्रकरण पर भी चर्चा हुई। मंडलायुक्त ने क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को आवश्यक कार्रवाई करने तथा विधिक माप विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र के मामले में सहायक नियंत्रक, विधिक माप विभाग को निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जाए और विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

