200 टन के बॉयलर को लेकर पहुंचा 308 पहियों वाला ट्रेलर
मोहनसराय में उठाया गया फुट ओवरब्रिज
वाराणसी (जनवार्ता) । 200 टन वजनी ओवर डायमेंशन कार्गो बॉयलर मशीन को लेकर 308 पहियों वाला विशाल ट्रेलर बुधवार को मोहनसराय चौराहे पर पहुंचा। हाईवे पर बने फुट ओवरब्रिज की ऊंचाई कम होने के कारण ट्रेलर को आगे ले जाना मुश्किल हो गया। इसके बाद ब्रिज के एक हिस्से को काटकर दो भारी क्रेनों की मदद से ऊपर उठाया गया। ब्रिज को उठाने के बाद विशाल ट्रेलर को उसके नीचे से सुरक्षित पार कराया गया।

बताया गया कि बॉयलर मशीन बेल्जियम से समुद्री मार्ग से ओडिशा पहुंची थी। वहां से इसे विशेष ट्रेलर पर लादकर सड़क मार्ग से लखीमपुर खीरी ले जाया जा रहा है। यह मशीन लखीमपुर खीरी जिले में निर्माणाधीन एक प्लांट में स्थापित की जानी है। भारी-भरकम मशीन और 308 पहियों वाले ट्रेलर को देखने के लिए मोहनसराय चौराहे पर लोगों की भीड़ भी जुटी रही।

