सिगरा : दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले छह गिरफ्तार
नकदी समेत सामान बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा थाना क्षेत्र में दुकान का ताला तोड़कर लैपटॉप, एसी का कॉपर पाइप, केबल तार और नकदी चोरी करने के मामले में सिगरा पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, 12,030 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त लाल रंग का ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी चोरी की रकम में से खर्च के बाद बची हुई है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, फातमान रोड स्थित एसएन रेफ्रिजरेशन दुकान के मालिक ने रविवार को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर लेनोवो कंपनी का लैपटॉप, वाई-फाई/डीवीआर उपकरण, कॉपर पाइप और कैश काउंटर का ताला तोड़कर करीब 25 से 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। शिकायत के आधार पर सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0426/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान सिगरा पुलिस ने 13 अक्टूबर को नगर निगम एनईआर ग्राउंड के पास एक पुराने खंडहर से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान उर्फ इम्मू (22), मेराज अंसारी (20), आमिर अंसारी (20), प्रिंस चौरसिया (23), साहजेब (22) और राशिद खान (30), सभी निवासी सिगरा क्षेत्र, वाराणसी के रूप में हुई है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 12,030 रुपये नकद, 21 किलोग्राम कॉपर ट्यूब पाइप, काले रंग का एक बंडल केबल तार, लेनोवो कंपनी का एक लैपटॉप, न्यू बैलेंस कंपनी के सफेद रंग के एक जोड़ी जूते और घटना में इस्तेमाल किया गया लाल रंग का ई-रिक्शा (नंबर यूपी 65 क्यूटी 4107) बरामद किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इसमें पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में सिगरा पुलिस टीम शामिल रही। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र सहित उपनिरीक्षक शिवम, अरुण प्रजापति, नारायण यादव, महिला उपनिरीक्षक प्रीती कुमारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

