जयपुर में हाईजैक अलर्ट से मचा हड़कंप, एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

जयपुर में हाईजैक अलर्ट से मचा हड़कंप, एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

पायलट ने गलती से कुछ सेकेंड के लिए भेजा स्क्वाक-7500 कोड

जयपुर। जयपुर एयरपोर्ट पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एयर इंडिया की फ्लाइट में विमान हाईजैक होने से संबंधित अलर्ट मिला। फ्रैंकफर्ट से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2030 को सुरक्षा कारणों से जयपुर की ओर मोड़कर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पायलट ने गलती से कुछ सेकेंड के लिए हाईजैक से संबंधित आपातकालीन कोड भेज दिया था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को विमान से संबंधित अलर्ट मिला था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सतर्क हो गईं और विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल में बैठाया गया। वहीं, विमान को एयरपोर्ट के आइसोलेशन वे पर ले जाया गया, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने जांच की प्रक्रिया शुरू की।

कुछ सेकेंड के लिए सक्रिय हुआ स्क्वाक-7500 कोड

सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, विमान के पायलट ने कुछ सेकेंड के लिए स्क्वाक-7500 कोड घोषित किया था। विमानन क्षेत्र में इस कोड का इस्तेमाल हाईजैक या विमान पर अवैध कब्जे की स्थिति का संकेत देने के लिए किया जाता है। इसी अलर्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और विमान को जयपुर की ओर डायवर्ट किया गया।

बताया गया कि बुधवार सुबह करीब 9:45 बजे विमान को जयपुर एयरपोर्ट के आइसोलेशन वे पर ले जाया गया। सुरक्षा संबंधी आपात स्थितियों में विमानों को इस स्थान पर रखा जाता है, ताकि उनकी गहन जांच की जा सके और उन्हें अन्य विमानों से अलग रखा जा सके।

इसे भी पढ़े   "जनवार्ता" की खबर का असर

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पायलट की ओर से स्क्वाक-7500 कोड जारी होने के पीछे क्या कारण था। शुरुआती जानकारी में इसे गलती से भेजा गया संकेत बताया जा रहा है। मामले में आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्षों का इंतजार है।

तेल अवीव जाने वाली फ्लाइट में भी आया था ऐसा अलर्ट

इससे पहले 30 सितंबर 2026 को दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड-1073 में भी हाईजैक अलर्ट से हड़कंप मच गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, विमान ने पहले आपातकालीन कोड 7700 और फिर कुछ समय के लिए स्क्वाक-7500 कोड जारी किया था। इसके बाद विमान का मार्ग बदलकर सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

इस घटना में विमान के सह-पायलट पर मुख्य पायलट के साथ मारपीट करने और विमान को तेल अवीव एयरपोर्ट के टर्मिनल से टकराने की कोशिश करने के आरोप सामने आए थे। मामले की जांच में विमान पर अवैध कब्जे की कथित कोशिश की आशंका भी जताई गई थी।

जयपुर में एयर इंडिया की फ्लाइट से जुड़ा अलर्ट सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी तरह का संबंध होने की जानकारी सामने नहीं आई है। जयपुर की घटना में पायलट द्वारा गलती से कोड भेजे जाने की बात फिलहाल प्रारंभिक जानकारी पर आधारित है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *