जीआरपी : कैंट रेलवे स्टेशन से महाराष्ट्र में हत्या के मामले का आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। जीआरपी कैंट वाराणसी पुलिस ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित आरोपी को वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रिंकू शमशेर माली (36 वर्ष), निवासी ठेकमाबाजार, तहसील लालगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी की गिरफ्तारी में महाराष्ट्र के पालघर थाने की पुलिस टीम ने जीआरपी वाराणसी से सहयोग मांगा था।

जीआरपी की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मंगलवार को पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक एन. कोलान्ची और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुंवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पालघर पुलिस की टीम वाराणसी पहुंची और सूचना दी कि हत्या के मामले में वांछित आरोपी ट्रेन से मुंबई की ओर से वाराणसी आ रहा है।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर ने टीम गठित कर रेलवे स्टेशन के आने-जाने वाले मार्गों और प्लेटफार्मों पर सघन चेकिंग शुरू कराई। इसी क्रम में प्लेटफार्म नंबर तीन पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने उसकी पहचान की, जिसके बाद जीआरपी और पालघर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पालघर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 332/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में वांछित है। गिरफ्तारी के बाद उसे जीआरपी कैंट थाने लाया गया। महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को सक्षम न्यायालय में पेश कर पालघर ले जाने के लिए पांच दिन का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने की विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, उपनिरीक्षक रामसुंदर मौर्य, हेड कांस्टेबल मोहम्मद दानिश, रामसिंह, धर्मबीर गौड़ और कांस्टेबल इन्द्रजीत सहित जीआरपी वाराणसी की टीम शामिल रही। वहीं, पालघर पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक संकेत पगडे, पुलिस नाईक सचिन गोल्हे और कांस्टेबल सागर राऊत ने कार्रवाई में सहयोग किया। महाराष्ट्र पुलिस ने सहयोग के लिए जीआरपी वाराणसी कैंट का आभार जताया।

