सिगरा पुलिस ने 15 लाख रुपये के गांजा के संग एक तस्कर को किया गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत बुधवार को अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 31.275 किलोग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त महिंद्रा वीरो चार पहिया वाहन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार बुधवार को सिगरा थाना क्षेत्र के पचपेडवा स्थित लोहे की पुरानी पानी की टंकी के पास से राज किशोर गोंड (27), निवासी नवाडेरा, थाना भोजपुर, जिला बक्सर, बिहार को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से गांजे के 30 पैकेट बरामद हुए। इसके अलावा तलाशी में 1,400 रुपये नकद, एक कीपैड मोबाइल फोन और पशु आहार की 10 बोरियां भी मिलीं।
इस मामले में थाना सिगरा में मुकदमा संख्या 0431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सिगरा शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।

