मिशन शक्ति अभियान के तहत वृद्धाश्रम में दीपावली की खुशियां बांटने पहुंची वाराणसी पुलिस
वाराणसी। मिशन शक्ति अभियान-6.0 के तहत वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने दीपावली के अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण कर बुजुर्गों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। इस पहल का उद्देश्य वृद्धजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।


शारदीय नवरात्र के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के दस दिवसीय विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दीपावली पर्व के दृष्टिगत आवश्यक सामग्री वितरित की। इस दौरान सेवा, सहयोग और मानवीय मूल्यों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नचिता श्रीवास्तवा और सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार सहित भेलूपुर थाना प्रभारी, मिशन शक्ति प्रभारी तथा रोटरी क्लब बनारस शाइन के सदस्य उपस्थित रहे। रोटरी क्लब की ओर से विवेक मेहरा, हर्षित केसरवानी, शुभम जालान, रवीश गुप्ता, अम्बर भाटिया, अनुज केसरी, अमृत टंडन, रिचा मेहरा, कोमल केसरवानी, काजल जालान, सुम्मी गुप्ता और सुधीर वाधवानी ने सहभागिता की।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बुजुर्गों के प्रति आत्मीयता और सम्मान व्यक्त करते हुए समाज के वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल तथा उनके साथ संवेदनशील व्यवहार करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक उत्तरदायित्व और जरूरतमंदों की सहायता के महत्व को भी रेखांकित किया गया।
वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के साथ जनकल्याण और संवेदनशील पुलिसिंग के प्रति प्रतिबद्धता जारी रहेगी। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से समाज में सुरक्षा, सहयोग और सकारात्मक सहभागिता की भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।

