जीवनदीप में सात दिवसीय ‘रोजगार कौशल विकास कार्यक्रम’ का हुआ सफल समापन
वाराणसी (जनवार्ता)। बड़ा लालपुर स्थित जीवनदीप महाविद्यालय में गुरुवार को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं रोजगार क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से सात दिवसीय “रोजगार कौशल विकास कार्यक्रम” का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सात से 14 अक्टूबर तक महिंद्रा ‘नंदी फाउंडेशन’ के सौजन्य से आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में फाउंडेशन के मुख्य प्रशिक्षक प्रभुत्व जायसवाल ने छात्र-छात्राओं को आधुनिक कार्यस्थल की आवश्यकताओं से अवगत कराया।
सात दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण सत्र के दौरान विद्यार्थियों को व्यक्तित्व निखार एवं शिष्टाचार, साक्षात्कार तकनीक: इंटरव्यू की तैयारी और आत्मविश्वास से उत्तर देने की कला, सम्प्रेषण कौशल: अपनी बात को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने का तरीका, कार्यस्थल शिष्टाचार: पेशेवर जीवन के नियम और आचरण के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस दौरान समूह चर्चा और प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। प्रशिक्षक के व्यावहारिक उदाहरणों और प्रेरक मार्गदर्शन से छात्रों के आत्मविश्वास और सम्प्रेषण क्षमता में अद्भुत निखार देखा गया।
कार्यक्रम के सफल समापन पर महाविद्यालय प्रशासन एवं ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर द्वारा फाउंडेशन एवं प्रशिक्षक को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर जीवनदीप की वाइस चेयरमैन डॉ. अंशु सिंह ने कहा कि “इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्रों को न केवल पेशेवर जीवन बल्कि व्यक्तिगत जीवन में भी सक्षम और कुशल नागरिक बनाने में मील का पत्थर साबित होंगे।”
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इन्द्रेश चंद्र सिंह, रजिस्ट्रार नन्दलाल यादव, उप प्राचार्य डॉ. अमित कुमार सिंह, अलका सिंह व एमबीए की प्रवक्ता शिखा रघुवंशी के अलावा सभी विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

