25 अक्टूबर को नमो घाट पर गंगा के ऊपर गरजेंगे लड़ाकू विमान, सूर्य किरण और सारंग टीम दिखाएंगी हैरतअंगेज करतब
राफेल, सुखोई और तेजस समेत कई विमानों का दिखेगा दमखम
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी के नमो घाट पर 25 अक्टूबर को भारतीय वायु सेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026 का भव्य आयोजन होगा। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर होने वाले इस हवाई प्रदर्शन में गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना, रोमांचक एरोबैटिक करतब और हेलीकॉप्टरों के सटीक फॉर्मेशन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम काशी की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत और भारत की आधुनिक हवाई शक्ति का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा।

रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस भव्य आयोजन में भारतीय वायु सेना की प्रमुख प्रदर्शन टीमें सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम हिस्सा लेंगी। दोनों टीमें अपने बेहतरीन उड़ान कौशल, सटीक तालमेल और रोमांचक करतबों से आसमान में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगी। गंगा और ऐतिहासिक काशी की पृष्ठभूमि में होने वाला यह नजारा शहरवासियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण होगा।
एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस के साथ हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर ‘प्रचंड’, आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 जैसे विमान भी शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त भारतीय नौसेना और थल सेना के विमान भी अपनी भागीदारी से संयुक्त सैन्य समन्वय और परिचालन क्षमता की झलक पेश करेंगे।
यह आयोजन केवल हवाई करतबों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके माध्यम से युवाओं को विमानन, एयरोस्पेस तकनीक, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विमानों के प्रत्येक फॉर्मेशन और सटीक करतब के पीछे एयरक्रू, इंजीनियरों, तकनीशियनों तथा ग्राउंड सपोर्ट स्टाफ की मेहनत, प्रशिक्षण और तकनीकी दक्षता को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
‘विंग्स ओवर गंगा’ की परिकल्पना काशी की शाश्वत गंगा और भारतीय वायु सेना की आधुनिक तकनीक, गति, शक्ति एवं पेशेवर दक्षता को एक मंच पर लाने की है। भारतीय वायु सेना का आदर्श वाक्य ‘नभः स्पृशं दीप्तम्’ इस आयोजन की भावना को प्रतिबिंबित करेगा। नमो घाट पर होने वाला यह एयर शो भारतीय वायु सेना को आम जनता के और करीब लाने के साथ युवाओं में देशसेवा और विमानन के प्रति उत्साह जगाने का अवसर बनेगा।

