एयर शो के लिए वाराणसी में 79 अस्थायी पुलिस थाने, तीन ग्रीन कॉरिडोर से मिलेगी एंबुलेंस को राह
22, 24 और 25 अक्टूबर को होगा एयर शो, दर्शकों की सुरक्षा के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दिए निर्देश
वाराणसी। एयर शो को सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर शहर और घाट क्षेत्रों में कुल 79 अस्थायी पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक अस्थायी थाने पर एक उपनिरीक्षक और चार आरक्षियों की तैनाती की गई है। वहीं, यातायात के दबाव को देखते हुए शहर में तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी न हो।


शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने एयर शो की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अस्थायी थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया। उन्होंने दर्शकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, घाटों की बैरिकेडिंग और आपातकालीन निकासी की व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
नमो घाट से वरुणा नदी के किनारे तक बनेंगे 10 ब्लॉक
दर्शकों को एयर शो देखने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नमो घाट से लगभग दो किलोमीटर दूर वरुणा नदी के किनारे सरायमोहन घाट से खाकी कुटी बाबा मंदिर घाट तक 10 ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा डुमरी क्षेत्र में भी ऐसे स्थल विकसित किए जा रहे हैं, जहां से दर्शक बेहतर दृश्यता के साथ एयर शो का आनंद ले सकेंगे।
जर्जर भवनों की छतों पर भीड़ जुटाने पर रोक
पुलिस आयुक्त ने एयर शो के आसपास स्थित जर्जर और संवेदनशील भवनों को चिह्नित कर उनके स्वामियों को आवश्यक नोटिस देने के निर्देश दिए। भवनों की क्षमता से अधिक लोगों को छतों पर एकत्रित नहीं होने दिया जाएगा। संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
घाटों पर लगाई गई बैरिकेडिंग की मजबूती का भौतिक सत्यापन करने और जरूरत के अनुसार दोहरी बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है। दर्शक दीर्घाओं और इनक्लोजर का आकार भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखकर निर्धारित किया जाएगा। प्रत्येक इनक्लोजर का क्षेत्रफल तीन हजार वर्ग मीटर से अधिक नहीं रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश और निकास मार्गों के साथ आपातकालीन निकासी की व्यवस्था की भी समीक्षा होगी।
चार ट्रैफिक प्लान से संभाली जाएगी भीड़
एयर शो के दौरान यातायात की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए चार अलग-अलग स्तर के ट्रैफिक प्लान तैयार किए गए हैं। यातायात व्यवस्था को आंतरिक और बाहरी दो हिस्सों में बांटा गया है। दोनों के लिए अलग-अलग डायवर्जन, बैरियर और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
दर्शक दीर्घाओं को विभिन्न जोन में बांटकर उनके अनुसार पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। शहर से आने वाले दर्शकों को गंगा के इस पार तथा बाहरी जनपदों से आने वाले लोगों को रामनगर-पड़ाव की ओर निर्धारित पार्किंग और दर्शक स्थलों तक पहुंचने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा। पुलिसकर्मी प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और प्रवेश बिंदुओं पर तैनात रहकर लोगों को सही दिशा बताएंगे, जिससे अनावश्यक जाम और भीड़ से बचा जा सके।
तीन ग्रीन कॉरिडोर से अस्पताल पहुंचेंगे मरीज
एयर शो के दौरान यातायात दबाव के बीच चिकित्सा सेवाएं निर्बाध रखने के लिए शहर में तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए गए हैं। सर सुंदरलाल अस्पताल, आईएमएस-बीएचयू, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल और पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल समेत प्रमुख सरकारी व निजी अस्पतालों को चिह्नित किया गया है। एंबुलेंस की आवाजाही सुचारु रखने के लिए पुलिस और यातायात पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।
भीड़ की सुरक्षित निकासी, वाहन प्रतिबंधित क्षेत्रों और वीवीआईपी आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को इन मार्गों तथा बैरियरों की जानकारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती
दर्शकों की सहायता के लिए एनसीसी कैडेट्स और स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों का भी सहयोग लिया जाएगा। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे दर्शकों से शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करें तथा उन्हें ‘सर’ और ‘मैडम’ कहकर संबोधित करें। प्रत्येक दर्शक इनक्लोजर में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि महिला दर्शकों को जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके।
48 नगर और 31 घाट थानों में होगी तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था के तहत नगर क्षेत्रों में 48 अस्थायी पुलिस थाने और घाट क्षेत्रों में 31 अस्थायी घाट थाने स्थापित किए गए हैं। इन थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, वैकल्पिक रास्तों, पार्किंग स्थलों, अस्पतालों, शौचालयों और पेयजल सुविधाओं की जानकारी रखने को कहा गया है।
ड्यूटी के दौरान वायरलेस सेट के माध्यम से संचार व्यवस्था दुरुस्त रखने और मोबाइल फोन के अनावश्यक इस्तेमाल से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए और सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि एयर शो के दौरान सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।

