कपसेठी : डीसीएम से 2670 मोबाइल और 113 सिमकार्ड बरामद
पश्चिम बंगाल के पांच आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। गोमती जोन पुलिस ने कपसेठी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए डीसीएम वाहन से 445 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 2225 कीपैड मोबाइल फोन और विभिन्न कंपनियों के 113 सिमकार्ड बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन ने 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार शनिवार को थाना कपसेठी की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बरकी पेट्रोल पंप के पास खड़े डीसीएम वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में बंद अवस्था में 445 एंड्रॉयड और 2225 कीपैड मोबाइल फोन मिले। इसके अलावा आरोपियों की तलाशी में 2149 रुपये नकद बरामद हुए। डीसीएम वाहन संख्या WB57F5150 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बाबुर अली (36), मंटू खां (56), नारजूल शेख (34), लालबाबू शेख (31) और मिलन शेख (44) के रूप में हुई है। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपियों ने बताया कि वे फेरी का काम करते थे और गांवों व शहरों में घूमकर कबाड़ के नाम पर मोबाइल फोन खरीदते थे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कुछ मोबाइल फोन चोरी करके एकत्र करने और पहचान छिपाने के लिए उन्हें खराब करने की बात भी सामने आई है। इसके बाद मोबाइल फोन और सिमकार्ड को झारखंड, छत्तीसगढ़ तथा पश्चिम बंगाल में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस इस मामले में बरामदगी और आरोपियों के बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।
इस संबंध में थाना कपसेठी में मुकदमा संख्या 0149/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) और 317(5) में अभियोग दर्ज किया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विकास कुमार सहित उपनिरीक्षक मधुसूदन त्रिपाठी, रितेश कुमार, प्रवीण कुमार पाण्डेय, आयुष कुमार ओझा तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

