एयर शो से पहले गंगा आरती
वाराणसी (जनवार्ता)। भारतीय वायुसेना के एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ की सफलता और सुरक्षित आयोजन की कामना से बुधवार को नमामि गंगे टीम ने सिंधिया घाट पर गंगा आरती की। महर्षि वेद विज्ञान विद्यापीठ के बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग, गंगाष्टकम और स्वस्तिवाचन का पाठ किया।

संयोजक राजेश शुक्ला के अनुसार, वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर ‘वायुसेना दिवस एरियल डिस्प्ले-2026’ आयोजित होना है। इसमें सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के प्रदर्शन के साथ राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और एलसीएच प्रचंड सहित विभिन्न विमानों के शामिल होने की तैयारी है। आयोजन के जरिए वायुसेना की विमानन क्षमता प्रदर्शित करने और युवाओं को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा।

