सोनभद्र : कार-टेंपो की टक्कर में तीन की मौत, 16 घायल
विजयदशमी का मेला देखने जा रहे थे टेंपो सवार, मृतकों में 12 वर्षीय बच्चा भी शामिल
सोनभद्र (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा जंगल के पास मंगलवार को कार और सवारियों से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार लोग धरतीडांड़ से विजयदशमी का मेला देखने के लिए किरबिल जा रहे थे। इसी दौरान बभनी थाना क्षेत्र के नधिरा मोड़ के पास सामने से आ रही कार से टेंपो की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर जा रही थी। टक्कर इतनी तेज थी कि टेंपो में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बभनी और म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बभनी और म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पतालों में एक साथ कई घायलों के पहुंचने से अफरातफरी मच गई। चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया और गंभीर रूप से घायल लोगों को उच्च चिकित्सा केंद्र भेजने की व्यवस्था की।
हादसे में नधिरा निवासी 12 वर्षीय अंकुश की म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौत हो गई। वहीं, नधिरा पूर्वी टोला निवासी 23 वर्षीय राजकुमारी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल धरतीडांड़ निवासी 25 वर्षीय सुनील गुप्ता को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे में घायल लोगों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। त्योहार के अवसर पर हुए इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज के अनुसार, मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

