विधान परिषद चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, रोहनिया में हुई बैठक
एनडीए प्रत्याशियों की जीत के लिए बूथ स्तर पर संपर्क मजबूत करने और मतदाता सूची सत्यापन पर जोर
वाराणसी (जनवार्ता)। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के देल्हना में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व विधायक रोहनिया डॉ. सुरेंद्र नारायण सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि काशी विद्यापीठ प्रवेश पटेल की उपस्थिति में चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।


बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, चुनावी तैयारियों को मजबूत करने और मतदाताओं से प्रभावी संपर्क स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भाजपा समर्थित एनडीए प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक डॉ. सुरेंद्र नारायण सिंह ने चुनाव संबंधी कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संपर्क मजबूत करने, मतदाता सूची का सत्यापन कराने तथा शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के साथ संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही चुनाव में सफलता की कुंजी है। बैठक में चुनाव की तैयारियों को प्रभावी बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।

