तिलहन उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को निशुल्क वितरित किए सरसों के बीज
हरहुआ में पीएम-32 प्रजाति के बीज बांटे गए, शुद्ध सरसों के तेल के इस्तेमाल के प्रति किया जागरूक
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप तिलहन की खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने के उद्देश्य से विकासखंड हरहुआ में फसल प्रदर्शन योजना के तहत चयनित किसानों को सरसों की पीएम-32 प्रजाति के बीज निशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा किसान मोर्चा वाराणसी के महामंत्री प्रिन्स चौबे शामिल हुए।


इस अवसर पर प्रिन्स चौबे ने किसानों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए बाजार में मिलने वाले मिलावटी तेल और पाम ऑयल के स्थान पर शुद्ध सरसों के तेल का उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरसों की खेती को प्रोत्साहन देने से किसानों को लाभ मिलने के साथ ही शुद्ध खाद्य तेल के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ेगी।
सहायक विकास अधिकारी (कृषि) कुंदन सिंह ने सरसों की पीएम-32 प्रजाति की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इसमें इरुसिक अम्ल की मात्रा कम होती है। इस प्रजाति से तेल के साथ पशुओं के चारे के लिए उपयोगी खली भी प्राप्त होती है। उन्होंने किसानों से बुआई से लेकर फसल की कटाई और उपज की पेराई तक वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने की अपील की, ताकि बेहतर उत्पादन और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में आकांक्षा राय, प्राविधिक सहायक नेहा, गोदाम प्रभारी बच्चूलाल, राम सकल प्रसाद सहित क्षेत्र के चयनित किसान उपस्थित रहे।

