बरेका में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर प्रशिक्षण

बरेका में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर प्रशिक्षण

कर्मचारियों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में शुक्रवार को ‘सार्वजनिक सेवा में सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग’ विषय पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें कर्मचारियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित, विवेकपूर्ण और जिम्मेदार उपयोग के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। बरेका के जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने कर्मचारियों को डिजिटल माध्यमों पर व्यवहार, आधिकारिक सूचनाओं के आदान-प्रदान और निर्धारित नियमों के अनुपालन के संबंध में जागरूक किया।

rajeshswari

प्रशिक्षण सत्र में व्यावसायिक प्रतिबद्धता, निष्पक्षता, आधिकारिक मर्यादा और सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। राजेश कुमार ने रेलवे बोर्ड के पीआर मैनुअल-2007 के अध्याय-4 में मीडिया के साथ संवाद और सोशल मीडिया से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनके पालन की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर साझा की जाने वाली सूचनाओं, टिप्पणियों और विचारों का प्रभाव कर्मचारी की व्यावसायिक छवि के साथ-साथ संगठन की प्रतिष्ठा पर भी पड़ता है।

सत्र के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है। आधिकारिक सूचनाएं साझा करते समय निर्धारित नियमों का पालन करने, अपुष्ट खबरों से बचने और डिजिटल माध्यमों पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की सलाह दी गई। साथ ही, सार्वजनिक संवाद के दौरान संगठन की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने के महत्व को भी रेखांकित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के उपयोग और उससे जुड़े नियमों को लेकर विभिन्न प्रश्न पूछे। जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने उनके सवालों के जवाब देकर जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इसे भी पढ़े   चंदौली: पति-पत्नी ने खाया जहर

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में सोशल मीडिया के प्रति जिम्मेदार दृष्टिकोण विकसित करना, बरेका की सकारात्मक छवि बनाए रखना तथा डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित, सतर्क और विवेकपूर्ण उपयोग को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *