‘विंग्स ओवर गंगा’ : आसमान में उभरा 94 का अंक

‘विंग्स ओवर गंगा’ : आसमान में उभरा 94 का अंक

सुखोई और तेजस की गर्जना से रोमांचित हुए दर्शक

वाराणसी । नमो घाट पर शनिवार को भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में देश की हवाई ताकत, आधुनिक तकनीक और जांबाज पायलटों के अद्भुत कौशल का शानदार प्रदर्शन हुआ। गंगा के ऊपर गरजते लड़ाकू विमानों और सारंग टीम के पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य हवाई प्रदर्शन में काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रभक्ति का भी अनूठा संगम देखने को मिला। एयर शो का आयोजन रविवार तक निर्धारित है।

rajeshswari

आसमान में वायुसेना के 94 वर्ष पूरे होने का प्रतीकात्मक अंक प्रदर्शित कर पायलटों ने अपनी दक्षता का परिचय दिया। इसके बाद गंगा के ऊपर पुष्पवर्षा ने लोगों का मन मोह लिया। काशी के आराध्य बाबा कालभैरव को नमन और देश की रक्षा में जुटे आकाश प्रहरियों को सलाम करते हुए वायुसेना के जांबाजों ने अपने शौर्य का प्रदर्शन किया। विमानों की गर्जना, उनकी तेज रफ्तार और आसमान में सधे हुए करतबों को देखकर घाटों पर मौजूद दर्शक उत्साह से भर उठे।

राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस, मिराज-2000 और मिग-29 जैसे लड़ाकू विमानों के प्रदर्शन ने लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया। विमानों ने अलग-अलग संरचनाओं में उड़ान भरते हुए अपनी गति, संतुलन और मारक क्षमता का प्रदर्शन किया। गंगा के ऊपर विमानों की गूंज के बीच ‘हर-हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के जयकारे वातावरण को गुंजायमान करते रहे।

पांच हेलीकॉप्टरों के तालमेल ने खींचा ध्यान

सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल के स्क्वाड्रन लीडर गौतम त्यागी ने लोगों से एयर शो से प्रेरणा लेने की अपील की। स्क्वाड्रन लीडर अंकिता सिंह ने बताया कि सारंग एशिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली प्रदर्शन टीम है। यह स्वदेशी उन्नत हल्के ध्रुव हेलीकॉप्टरों के माध्यम से भारतीय वायुसेना की तकनीकी क्षमता, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देती है। पांचों हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल और रोमांचक हवाई करतब दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहे।

इसे भी पढ़े   गहमर में 72 हजार की अवैध शराब संग तीन गिरफ्तार

गंगा की लहरों के ऊपर भारतीय वायुसेना के इस शौर्य प्रदर्शन ने काशीवासियों को गर्व से भर दिया। आसमान में विमानों की गर्जना और हेलीकॉप्टरों की कलाबाजियों ने यह संदेश दिया कि भारतीय वायुसेना साहस, तकनीक और अनुशासन के दम पर देश की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *