वाराणसी में 28 से बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार
कई जिलों के लिए येलो अलर्ट
वाराणसी (जनवार्ता)। पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक बार फिर चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर से वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए सोनभद्र, मीरजापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर और बलिया समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम में इस बदलाव का असर वाराणसी और आसपास के जिलों में भी देखने को मिल सकता है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने और मौसम में ठंडक बढ़ने की संभावना है।
वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम है, हालांकि हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम ठंडा हो सकता है।
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर तेज हवाओं और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर सावधानी बरतने की जरूरत है। हालांकि, जिलेवार मौसम की स्थिति में बदलाव संभव है, इसलिए लोगों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों पर नजर बनाए रखनी चाहिए।

