पुलिस लाइन से नमो घाट तक प्रधानमंत्री मोदी का रोड शो, जगह-जगह हुआ स्वागत
ढोल-नगाड़ों, डमरुओं और पुष्पवर्षा से काशी में दिखा उत्साह; लोगों का हाथ हिलाकर किया अभिवादन
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर रविवार को पुलिस लाइन से नमो घाट तक स्वागत का माहौल देखने को मिला। प्रधानमंत्री का काफिला पुलिस लाइन से सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट होते हुए नमो घाट की ओर रवाना हुआ। मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंचों पर लोगों ने उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री ने भी सड़क किनारे मौजूद लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।


प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख मार्गों को सजाया गया था। कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, डमरू वादन और पुष्पवर्षा के बीच लोगों ने उनका स्वागत किया। मार्ग पर मौजूद लोगों में प्रधानमंत्री की एक झलक पाने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को दर्शाने वाली प्रस्तुतियों ने स्वागत कार्यक्रम को विशेष रूप दिया।

प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने वाले मार्गों पर कई स्थानों पर स्वागत की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं, युवाओं और भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा व पार्टी के झंडे लेकर उनका स्वागत किया। इस दौरान शंखनाद और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष भी सुनाई दिए।
प्रधानमंत्री का नमो घाट पहुंचने के बाद भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ हवाई प्रदर्शन में शामिल होने का कार्यक्रम था। यह आयोजन भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में किया गया, जिसमें सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम सहित विभिन्न विमानों और हेलीकॉप्टरों ने हवाई करतब दिखाए।

