सिंधोरा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़
501.5 किलो पटाखों के साथ एक गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। दीपावली के त्योहार को देखते हुए अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिंधोरा पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से निर्मित एवं अर्धनिर्मित कुल 501.5 किलोग्राम पटाखे और पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू काद्यान के निर्देशन में सोमवार को थानाध्यक्ष सिंधोरा पंकज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर सिंधोरा बाजार स्थित मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे मिले। मौके पर मौजूद रफीक (45) पुत्र स्वर्गीय मजहर, निवासी सिंधोरा बाजार से पटाखा निर्माण एवं भंडारण का वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरामद पटाखों में फूलझड़ी, रॉकेट, बुलेट बम, सुतली बम, मिर्ची बम और चकरी शामिल हैं। इसके अलावा पटाखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी बरामद किए गए। फॉरेंसिक फील्ड यूनिट ने मौके से वैज्ञानिक नमूने संकलित किए।
दुकानों पर बेचने के लिए बना रहा था पटाखे
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार रफीक ने बताया कि वह पैसे कमाने के उद्देश्य से पटाखे बनाकर दुकानों पर बेचना चाहता था। उसके पास पटाखा निर्माण की कोई वैध अनुज्ञप्ति नहीं थी। इस मामले में थाना सिंधोरा में मुकदमा संख्या 0197/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 5/9बी(1)(ए)(बी) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में सिंधोरा थानाध्यक्ष पंकज कुमार पाण्डेय, चौकी प्रभारी रोशन सिंह, उपनिरीक्षक कौशल किशोर, महिला उपनिरीक्षक दीप्ति शर्मा सहित सिंधोरा पुलिस की टीम और एसओजी-02 प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम शामिल रही।

