7.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। रेलवे स्टेशन बनारस पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जीआरपी कैंट वाराणसी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 7.5 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। बरामद शराब की कीमत करीब 8500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को रेलवे स्टेशन, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी की घटनाओं की रोकथाम, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा अवैध तस्करी में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर मंडुवाडीह आरओबी के नीचे बनारस यार्ड के पास एक युवक पिट्ठू बैग लेकर बैठा दिखाई दिया। पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख वह घबरा गया और भागने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम राहुल कुमार मुखिया (25 वर्ष), पुत्र शिवजी मुखिया, निवासी वार्ड नंबर-22, ग्राम मड़वाड, थाना सिंघिया, जिला समस्तीपुर, बिहार बताया। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से सिग्नेचर ब्रांड की 750 एमएल की 10 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में वैध लाइसेंस अथवा अनुमति पत्र मांगने पर वह प्रस्तुत नहीं कर सका।
कार्रवाई में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक रजोल नागर, आरपीएफ पोस्ट बनारस के निरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक अशोक ओझा, एएसआई आलोक विजय, एएसआई गणेश राम, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र चौबे, हेड कांस्टेबल रामजीत यादव और कांस्टेबल विनोद कुमार यादव शामिल रहे।

