गंगा में कूदे कन्हैया ने कालिया नाग के फन पर किया नृत्य, बांसुरी की तान से गूंजा तुलसी घाट
जयकारों से भक्तिमय हुआ वातावरण
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी के तुलसी घाट पर शुक्रवार को आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला में बाल श्रीकृष्ण ने कालिया नाग का मान मर्दन कर उसके फन पर नृत्य किया तो हजारों श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। गंगा की लहरों के बीच बांसुरी बजाते भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन से पूरा तुलसी घाट जय कन्हैया लाल की और हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठा।

गोस्वामी तुलसीदास द्वारा शुरू की गई पांच सौ वर्ष से अधिक पुरानी इस परंपरा को देखने के लिए दोपहर से ही तुलसी घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। घाट की सीढ़ियों से लेकर आसपास के भवनों और गंगा में खड़ी नौकाओं तक लोगों का जमावड़ा लगा रहा। इस अवसर पर मां गंगा को यमुना और तुलसी घाट को कालियदह के रूप में मानकर लीला का मंचन किया गया।
लीला के दौरान बाल श्रीकृष्ण के स्वरूप में श्रेयन शर्मा ने शाम ठीक 4 बजकर 40 मिनट पर गेंद खोजने के प्रसंग में कदंब की डाल से गंगा में छलांग लगाई। कुछ ही देर बाद वह कालिया नाग के फन पर सवार होकर प्रकट हुए। कालिया नाग का मान मर्दन करते हुए उसके फन पर बांसुरी बजाते बाल कृष्ण का मनोहारी दृश्य देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए।
भगवान श्रीकृष्ण के प्रकट होते ही पूरा घाट जय श्रीकृष्ण, जय कन्हैया लाल की और हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा। गंगा की लहरों में यमुना का स्वरूप और तुलसी घाट पर वृंदावन की छटा दिखाई देने लगी। नागनथैया की इस लीला ने श्रद्धालुओं को द्वापर युग की पौराणिक कथा का सजीव अनुभव कराया।
काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी नागनथैया लीला हर वर्ष श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहती है। गंगा की वास्तविक धारा के बीच भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीला का मंचन इस आयोजन को विशिष्ट बनाता है। पांच शताब्दियों से अधिक समय से चली आ रही यह परंपरा काशी की लोक आस्था, धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक गौरव की प्रतीक बनी हुई है।

