कांग्रेस ने राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे पर फिर जताया भरोसा

कांग्रेस ने राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे पर फिर जताया भरोसा

दोबारा सौंपी जिला और महानगर अध्यक्ष की कमान

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठनात्मक फेरबदल के क्रम में वाराणसी के जिला एवं महानगर अध्यक्षों पर एक बार फिर भरोसा जताते हुए राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे को पुनः जिम्मेदारी सौंपी है। राजेश्वर सिंह पटेल जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा राघवेंद्र चौबे महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने रहेंगे। दोनों नेताओं की पुनर्नियुक्ति से वाराणसी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

rajeshswari

कांग्रेस नेतृत्व के इस फैसले को दोनों नेताओं के संगठनात्मक समर्पण, कार्यकर्ताओं से जुड़ाव और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के प्रयासों पर मुहर के रूप में देखा जा रहा है। दोनों अध्यक्ष लगातार संगठन के विस्तार, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने में जुटे रहे हैं।

दोनों नेताओं की पुनर्नियुक्ति में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अजय राय तथा राष्ट्रीय सचिव वरुण चौधरी सहित शीर्ष और प्रदेश नेतृत्व की सहमति रही।

पुनर्नियुक्ति पर राजेश्वर सिंह पटेल और राघवेंद्र चौबे ने शीर्ष नेतृत्व एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने दोबारा विश्वास जताकर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। दोनों ने वाराणसी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और जमीनी स्तर पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती सभी कांग्रेसजनों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

इसे भी पढ़े   बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल में मरीजों को फिर से मिलेगा नि:शुल्क भोजन

दोनों अध्यक्षों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस वाराणसी की सभी विधानसभा सीटों पर पूरी मजबूती और नई ऊर्जा के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन का विस्तार किया जाएगा। नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने के साथ गांव, मोहल्ले और वार्ड तक आम मतदाताओं के बीच पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बदहाल सड़कें, सीवर, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी मुद्दों पर कांग्रेस जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। आम लोगों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करना पार्टी की प्राथमिकता होगी।

दोनों नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान, संगठन की मजबूती और जनता की आवाज बनना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता के साथ वाराणसी में कांग्रेस को नई मजबूती प्रदान की जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेसजन पूरी एकजुटता और मेहनत के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए काम करेंगे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *