एशियाई खेल-2026 के कांस्य पदक विजेता रोहित यादव का बरेका में भव्य स्वागत
जैवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया देश और बनारस रेल इंजन कारखाने का गौरव
वाराणसी। एशियाई खेल-2026 की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश और बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का गौरव बढ़ाने वाले अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं बरेका कर्मी रोहित यादव का शुक्रवार को बरेका आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस उपलब्धि पर बरेका परिवार ने खुशी जताते हुए उन्हें सम्मानित किया।


रोहित यादव के बरेका पहुंचने पर मुख्य प्रवेश द्वार पर अधिकारियों, कर्मचारियों, खेलकूद संघ के पदाधिकारियों, कर्मचारी परिषद के सदस्यों, विभिन्न खेल अकादमियों के प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्य प्रवेश द्वार से सिनेमा हॉल होते हुए प्रशासन भवन तक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा परिसर उत्साह और उल्लास से गूंज उठा। लोगों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया।
प्रशासन भवन में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने रोहित यादव को माला पहनाकर, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि रोहित यादव ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से देश का मान बढ़ाने के साथ बरेका को भी अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में गौरवान्वित किया है। उनकी सफलता पूरे बरेका परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं अध्यक्ष, बरेका खेलकूद संघ मनीष कुमार, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) एवं महासचिव अनुराग कुमार गुप्ता, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (टूलिंग एवं मॉड) एवं सचिव, एथलेटिक्स राजेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक क्रीड़ा अधिकारी धनंजय कुमार सिंह और एथलीट कोच रानी यादव सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव, परिषद के सदस्य नवीन कुमार सिन्हा, सुशील कुमार सिंह, मनीष कुमार सिंह, श्रीकांत यादव, धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं संतोष कुमार यादव सहित विभिन्न खेल अकादमियों के प्रशिक्षक, खिलाड़ी, कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

