बलिया का 50 हजार का इनामी गैंगस्टर गुजरात के सूरत से गिरफ्तार
यूपी एसटीएफ ने दबोचा
सूरत। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ मुख्यालय की टीम ने बलिया जनपद के थाना नगरा में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए दूसरे राज्यों में छिपकर रह रहा था।

एसटीएफ ने यह कार्रवाई बुधवार को सूरत के पण्डेसरा थाना क्षेत्र स्थित अशापुरी-2, लक्ष्मी नगर में की। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण तथा उप निरीक्षक चन्द्रप्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर बलिया जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में गिरफ्तारी से बचने के लिए वह दिल्ली और गुजरात में अलग-अलग ठिकानों पर रह रहा था।
पुलिस के अनुसार, मुन्ना गोड़ उर्फ चन्द्रमल के खिलाफ बलिया जनपद के विभिन्न थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने सूरत न्यायालय से अभियुक्त की ट्रांजिट रिमांड प्राप्त की। इसके बाद उसे अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए बलिया भेज दिया गया। दूसरे राज्य में छिपे इनामी अपराधी की गिरफ्तारी को एसटीएफ की महत्वपूर्ण कामयाबी माना जा रहा है।

