गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सेवा और समर्पण के साथ निकली शोभायात्रा

गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सेवा और समर्पण के साथ निकली शोभायात्रा

गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में पंच प्यारों ने संभाली कमान, सिख संगत ने सड़कें धोकर दिया स्वच्छता और सेवा का संदेश

वाराणसी (जनवार्ता)। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को काशी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। मानवता, प्रेम, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश देती इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोगों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया। शोभायात्रा का नेतृत्व पंच प्यारों ने किया।

rajeshswari

गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में गुरुद्वारा गुरुबाग से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। जुगो-जुग अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में निकली यात्रा में फूलों और विद्युत झालरों से सजी गुरु ग्रंथ साहिब की सवारी, गुरु साहिब की पालकी, घुड़सवार पंच प्यारे, पैदल पंच प्यारे और कीर्तन मंडलियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

शोभायात्रा लक्सा, गिरजाघर चौराहा, नई सड़क, चेतगंज, लहुराबीर, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, शास्त्री नगर, अशोक नगर, गांधी नगर, सिगरा चौराहा और रथयात्रा होते हुए पुनः गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते में हथुआ मार्केट, मलदहिया, लाजपत नगर, नानक नगर, साजन तिराहा, अशोक नगर और गांधी नगर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह प्रसाद वितरण भी किया गया।

इस दौरान गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कॉलेज गुरुबाग, गुरुनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल गुरुबाग और गुरुनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों के बैंड की मधुर धुनों और शबद कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

शोभायात्रा में स्वच्छता का संदेश भी विशेष आकर्षण रहा। बच्चे हाथों में ‘स्वच्छ काशी-सुंदर काशी’ का बैनर लेकर चल रहे थे। वहीं सिख समुदाय के लोगों ने यात्रा मार्ग पर सड़कों की सफाई और धुलाई कर स्वच्छता एवं सेवा भावना की अनूठी मिसाल पेश की। महिलाएं और नानक नाम लेवा श्रद्धालु पूरे रास्ते गुरुवाणी का कीर्तन करते रहे।

इसे भी पढ़े   गुलाब बाग कार्यालय में गूंजा एकात्म मानववाद का संदेश

गुरुद्वारा गुरुबाग पहुंचने पर शोभायात्रा का पुष्पवर्षा और आरती के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद शबद कीर्तन, अरदास और गुरु का अटूट लंगर आयोजित हुआ। गुरुद्वारे के मुख्य ग्रंथी रंजीत सिंह ने बताया कि 23 नवंबर की शाम तथा 24 नवंबर को प्रकाश पर्व के मुख्य आयोजन में प्रसिद्ध रागी जत्थे दिनभर शबद गायन, कीर्तन और कथा के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *