छठ और लोटा-भंटा मेले में सुरक्षा का खाका तैयार, गोमती जोन पुलिस ने कसी कमर
एडीसीपी ने रामेश्वर महादेव मंदिर और वरुणा घाट का किया निरीक्षण, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
वाराणसी। डाला छठ और आगामी 29 नवंबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक लोटा-भंटा मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए गोमती जोन पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और मेले में लाखों लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की विस्तृत योजना बनाई जा रही है।

इसी क्रम में अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र सिंह ने शनिवार शाम पुलिस अधिकारियों के साथ थाना जंसा क्षेत्र स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर, वरुणा नदी के घाटों और मेला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एडीसीपी ने घाटों और मेला स्थल पर जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा। गहरे पानी वाले स्थानों पर विशेष बैरिकेडिंग कराने, गोताखोरों और वालंटियर्स की तैनाती तथा पर्याप्त पुलिस बल लगाने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर मिशन शक्ति टीम, एंटी रोमियो स्क्वॉड और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य भीड़ के बीच अराजक तत्वों पर नजर रखने के साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।
वहीं, 29 नवंबर को होने वाले लोटा-भंटा मेले में संभावित लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला स्थल और आसपास के मार्गों पर यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की समीक्षा की गई। एडीसीपी ने थाना जंसा के साथ श्रद्धालुओं की आवाजाही से प्रभावित होने वाले थाना बड़ागांव क्षेत्र में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

