ओटीएस की अंतिम तिथि अब 14 दिसंबर तक

ओटीएस की अंतिम तिथि अब 14 दिसंबर तक

मिलेगा गृहकर-जलकर के ब्याज में 100 फीसदी छूट का लाभ

वाराणसी। नगर निगम के गृहकर और जलकर बकायेदारों के लिए राहत भरी खबर है। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत ब्याज पर शत-प्रतिशत छूट पाने की समय सीमा शासन ने बढ़ा दी है। अब भवन स्वामी 14 दिसंबर 2026 तक योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे, जबकि प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। योजना की अन्य शर्तें और प्रतिबंध पहले की तरह लागू रहेंगे।

rajeshswari

नगर निगम के आंकड़ों के मुताबिक, शहर के आठ जोनों में कुल 97,918 भवन स्वामियों पर गृहकर के रूप में 209.95 करोड़ रुपये मूलधन और 85.72 करोड़ रुपये ब्याज सहित कुल 295.67 करोड़ रुपये बकाया हैं। ब्याज में शत-प्रतिशत छूट दिए जाने के बावजूद योजना के प्रति बकायेदारों का रुझान अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। अब तक 25,075 भवन स्वामियों ने 70.01 करोड़ रुपये की मांग के सापेक्ष ओटीएस के तहत आवेदन किया है। इनमें से महज 4,574 भवन स्वामियों ने ही 8.89 करोड़ रुपये जमा किए हैं। वहीं, 20,501 आवेदकों ने आवेदन करने के बाद भी अब तक धनराशि जमा नहीं की है। इसके चलते कुल वसूली का आंकड़ा महज 4.23 प्रतिशत तक पहुंच सका है।

जोनवार स्थिति पर नजर डालें तो दशाश्वमेध जोन में सबसे अधिक 15,205 भवनों पर 68.37 करोड़ रुपये बकाया हैं। यहां 7,112 भवन स्वामियों ने ओटीएस के लिए आवेदन किया, लेकिन अब तक केवल 850 भवन स्वामियों ने 1.88 करोड़ रुपये जमा किए हैं। दूसरी ओर, प्रतिशत के लिहाज से रामनगर जोन का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। यहां 167 बकायेदारों में से 84 ने टैक्स जमा कर 20.61 प्रतिशत वसूली का आंकड़ा हासिल किया है। वहीं, 22,649 बकायेदारों वाले सारनाथ जोन में वसूली महज 1.56 प्रतिशत रहने से स्थिति सबसे खराब है।

इसे भी पढ़े   सावन के लिए तैयार काशी विश्वनाथ धाम, एक करोड़ श्रद्धालुओं की उम्मीद

नगर आयुक्त शाश्वत तिरुपुरी ने बताया कि बकायेदार भवन स्वामियों को एसएमएस, फोन कॉल और चैटबॉट के माध्यम से लगातार रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं, ताकि वे समय रहते योजना का लाभ उठा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय सीमा में बकाया कर जमा नहीं करने वाले भवन स्वामियों के मकान और संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने बकायेदारों से अपील की है कि कानूनी कार्रवाई से बचने और ब्याज में शत-प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए 14 दिसंबर से पहले ओटीएस के तहत आवेदन कर बकाया टैक्स जमा करें।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *