सप्ताह भर से अंधेरे में डूबा शिवपुर बाजार

सप्ताह भर से अंधेरे में डूबा शिवपुर बाजार

बंद स्ट्रीट लाइटों से हादसे का खतरा

वाराणसी। एक ओर नगर निगम स्वच्छ और सुंदर काशी का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर शिवपुर बाजार की सड़कें पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में डूबी हुई हैं। बाजार में लगी स्ट्रीट लाइटें बंद होने से स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और देर रात तथा तड़के आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

rajeshswari

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ दिनों पूर्व क्षेत्रीय सभासद की पहल पर कुछ खराब स्ट्रीट लाइटों को चालू कराया गया था, लेकिन इसके बाद पूरे बाजार की लाइटें अचानक बंद हो गईं। हैरानी की बात यह है कि एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या की सुध नहीं ली है।

इन दिनों मौसम में ठंड बढ़ने के साथ ही कोहरे ने भी दस्तक देना शुरू कर दिया है। ऐसे में बाजार की सड़कों पर पसरा घना अंधेरा दुर्घटनाओं को दावत दे रहा है। रात में दोपहिया और चारपहिया वाहनों से गुजरने वाले लोगों के साथ ही पैदल चलने वालों को भी रास्ता देखने में कठिनाई हो रही है। इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब त्योहारों के दौरान भी बाजार की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त नहीं रखी जा सकी तो आम दिनों में नगर निगम की व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर शिवपुर बाजार की सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को अंधेरे और संभावित हादसों से राहत मिल सके।

इसे भी पढ़े   बीएचयू के कौशल केंद्र के 13 विद्यार्थी अकादमिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *