देव दीपावली पर घाटों के साथ शहर के प्रमुख मार्ग और चौराहे भी होंगे रोशन

देव दीपावली पर घाटों के साथ शहर के प्रमुख मार्ग और चौराहे भी होंगे रोशन

गंगा के प्रमुख घाटों पर एलईडी झालरों और फ्लड लाइट से होगी आकर्षक सजावट, दो दिनों में काम पूरा करने का निर्देश

वाराणसी (जनवार्ता)। देव दीपावली को भव्य और अलौकिक बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार गंगा के प्रमुख घाटों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को भी आकर्षक विद्युत सजावट से जगमग किया जाएगा। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए प्रकाश व्यवस्था के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को गंगा के दोनों किनारों के घाटों, प्रमुख मार्गों और चौराहों पर विद्युत सजावट एवं अस्थायी प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि आदमपुर, कोतवाली, दशाश्वमेध और भेलूपुर जोन के अंतर्गत आने वाले सभी छोटे-बड़े घाटों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है।

rajeshswari


नमो घाट, अहिल्याबाई घाट, दशाश्वमेध, मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों पर एलईडी झालर, फ्लड लाइट, पार लाइट और जनरेटर की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए विभिन्न वेंडरों और फर्मों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
घाटों के अलावा सर्किट हाउस से पुलिस लाइन चौराहा, चौकाघाट, मकबूल आलम रोड तथा लकड़मंडी से कज्जाकपुरा चौराहा होते हुए नमो घाट तक विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इन मार्गों पर एलईडी पोल लाइट भी लगाई जाएंगी।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और वेंडरों को उच्च गुणवत्ता के साथ दो दिनों के भीतर सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का उद्देश्य देव दीपावली पर काशी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 24 नवंबर को देव दीपावली मनाई जाएगी।

इसे भी पढ़े   ऑस्ट्रेलिया में प्रो. निर्मला मौर्य को भारत गौरव सम्मान
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *