रेडक्रॉस ने मानवता की सेवा में किया उल्लेखनीय कार्य : विधायक योगेश्वर
तीन दिवसीय जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का समापन, 104 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
महासमुंद। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा महासमुंद की ओर से आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हुआ। 17 से 19 नवंबर तक डॉ. भीमराव अंबेडकर मंगल भवन में आयोजित शिविर में विभिन्न महाविद्यालयों के 92 यूथ रेडक्रॉस स्वयंसेवकों सहित कुल 104 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

शिविर के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। रेडक्रॉस के युवाओं ने मानवता की सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में मिले 35 राज्यपाल पुरस्कारों में से 10 महासमुंद जिले को प्राप्त हुए हैं, जो जिले के लिए गौरव की बात है।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी राज्य शाखा रायपुर के सभापति तोमन लाल साहू ने कहा कि रेडक्रॉस का कार्यक्षेत्र व्यापक है। इसके माध्यम से रक्तदान के साथ अंगदान और देहदान करके भी मानवता की सेवा की जा सकती है। उन्होंने युवाओं से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र राठौर ने स्वास्थ्य सेवा और मित्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मानवता की सेवा को सर्वोच्च सेवा बताया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद ने कहा कि रेडक्रॉस युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
शिविर के दूसरे दिन आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष चन्द्रहास चन्द्राकर ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बताया। वहीं जिला रेडक्रॉस शाखा के सभापति संदीप दीवान ने युवाओं से वर्तमान की जिम्मेदारियों को समझते हुए समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
शिविर का आयोजन कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के पदेन अध्यक्ष विनय कुमार लंगेह तथा यूथ रेडक्रॉस की अध्यक्ष एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीता पाण्डेय के निर्देशन में किया गया। आयोजन में डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा, डॉ. अशोक गिरि गोस्वामी, पारस चोपड़ा, डॉ. अनिता रावटे, दाऊलाल चंद्राकर, माधवराव टाकसाले, मनीष शर्मा, सती साहू और अभिषेक पाण्डेय सहित अन्य लोगों का मार्गदर्शन रहा।

