पीएम मोदी ने निशांत कुमार को लगाया गले
नीतीश कुमार से भी की मुलाकात, बिहार को 34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
वैशाली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान वैशाली की जनसभा में राजनीतिक हलचल बढ़ाने वाला दृश्य देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने मंच पर पहुंचते ही स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को गले लगा लिया। इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी उनकी मुलाकात हुई थी। दोनों नेताओं से प्रधानमंत्री की आत्मीय मुलाकात को बिहार की सियासत में अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

वैशाली पहुंचने पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। वे खुली जीप में सवार होकर हाथ में गमछा लहराते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे। इस दौरान लोगों ने तिरंगा लहराकर उनका स्वागत किया और मोदी-मोदी के नारे लगाए।
प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने छह लेन के नीतीश सेतु का निरीक्षण कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने के साथ महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा।
इसके बाद जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित जनसभा में प्रधानमंत्री ने करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल संसाधन और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई का उद्घाटन किया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में हिस्सा लिया और बिहार में 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम भी आयोजित किया।
विकास परियोजनाओं के साथ नीतीश कुमार और निशांत कुमार से प्रधानमंत्री की मुलाकात इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रही।

