बरईपार बाबू में युवक का रक्तरंजित शव मिला, हत्या की आशंका

बरईपार बाबू में युवक का रक्तरंजित शव मिला, हत्या की आशंका

भाटपाररानी (देवरिया)(जनवार्ता)
भाटपाररानी थाना क्षेत्र के बरईपार बाबू गांव में मंगलवार सुबह सड़क किनारे पोखरे के पास एक बीस वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान की। मृतक की पहचान बनकटा थाना क्षेत्र के कोठीलवा निवासी मन्नू यादव पुत्र उमेश यादव के रूप में हुई है।

rajeshswari

पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर गहरे चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

सूचना पर नवागत सीओ अंशुमान श्रीवास्तव और भाटपाररानी थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोखरे के पास युवक का खून से लथपथ शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

मृतक के पिता उमेश यादव दुबई में नौकरी करते हैं। घर पर मां सरिता देवी अपने बेटे मन्नू और बेटी काजू के साथ रहती हैं। बड़ी बेटी ज्योति की शादी हो चुकी है। मन्नू ने इंटर की पढ़ाई के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।

सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले मन्नू का अश्वनी नामक युवक से विवाद हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने सुलझा दिया था। इसके बाद दोनों फिर साथ दिखाई देने लगे थे। मृतक की मां सरिता ने बताया कि सोमवार शाम अश्वनी घर आया और कहा कि एक बर्थडे पार्टी में चलना है। मन्नू ने कहा कि बाइक में तेल नहीं है, तब अश्वनी ने पेट्रोल भरवाने की बात कही और दोनों साथ निकल गए। देर रात तक मन्नू घर नहीं लौटा तो परिवार ने फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों की मदद से पूरी रात तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इसे भी पढ़े   बनारस में बिजली कर्मियों का 317वें दिन भी निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन

मंगलवार सुबह ग्रामीणों को सड़क किनारे पोखरे के पास उसका शव मिला। कुछ ही देर में सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके से बोतलें और प्लेट्स बरामद हुई हैं, जिससे संभावना जताई जा रही है कि दोनों ने वहां शराब पी थी और उसी दौरान विवाद के बाद हत्या की गई।

घटना की सूचना पर पूर्व विधायक डॉ. आशुतोष उपाध्याय मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और पुलिस को शीघ्र ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से मिट्टी, कपड़े और खून के नमूने एकत्र किए। घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को वहां से अश्वनी की चप्पल भी मिली है। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के गले और पेट पर गहरे घाव हैं और शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। आरोपी अश्वनी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए गांव और आसपास के इलाकों में छापेमारी जारी है।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि घटना की जांच के लिए एसओजी, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई है। उन्होंने कहा कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच कर रही है। मृतक और आरोपी दोनों के मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है ताकि उनकी अंतिम लोकेशन और बातचीत का विवरण मिल सके।

गांव में इस घटना को लेकर आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *