मुठभेड़ में एक लाख का इनामिया ढेर , दो पुलिसकर्मी घायल
दूसरा आरोपी गुलफाम अभी फरार
गाजियाबाद (जनवार्ता) । लोनी थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाला मुख्य आरोपी मोहम्मद जीशान (27) मारा गया। जीशान पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस एनकाउंटर में दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, जीशान ने अपने सगे भाई गुलफाम के साथ मिलकर 27 फरवरी की सुबह लोनी के अशोक विहार कॉलोनी में सलीम वास्तिक (एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर) पर सर्जिकल ब्लेड से हमला किया था। हमलावरों ने सलीम के गले और पेट पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और फिलहाल दिल्ली के साकेत मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों भाइयों की पहचान की। दोनों अमरोहा जिले के नंगला चौकी थाना क्षेत्र के मूल निवासी हैं, जबकि जीशान कुछ समय से गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में रह रहा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जीशान एक कट्टरपंथी संगठन से जुड़ा था और खुद भी यूट्यूब चैनल चलाता था। सलीम वास्तिक के वीडियो में इस्लाम में कथित कुरीतियों पर उनकी टिप्पणियों से नाराज होकर दोनों ने यह हमला किया।
रविवार रात पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि जीशान और गुलफाम इलाके में फिर से अपराध की योजना बना रहे हैं। लोनी क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान मुठभेड़ हुई। जीशान ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसमें जवाबी कार्रवाई में उसे सीने और पेट में दो गोलियां लगीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एनकाउंटर स्थल से पुलिस ने एक इटली निर्मित पिस्टल, 14 कारतूस, हमले में प्रयुक्त सर्जिकल ब्लेड (पेपर कटर) और बाइक बरामद की है। दूसरा आरोपी गुलफाम मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ही इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि राज्य में अपराधियों को कोई जगह नहीं मिलेगी। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ के निर्देशन में गठित टीमों ने तेजी से कार्रवाई की।
घटना के बाद आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। सलीम वास्तिक के परिवार ने पुलिस कार्रवाई की सराहना की है, जबकि जांच में दोनों आरोपियों के कट्टरपंथी कनेक्शन की गहराई से पड़ताल की जा रही है।

